मंगलवार, जून 14, 2011

सामान्य गणित पेचीदे प्रश्न

1. एक पेड़ पर पचास चिड़िया बैठी हैं। एक शिकारी आता है और शिकार करने के लिये अपनी बंदूक से गोली चला देता है, जिससे दो चिड़ियाँ तुरन्त मर जाती हैं और पेड़ के नीचे गिर पड़ती हैं। बताओ, कितनी चिड़िया पेड़ पर रह गईं ?

2. बच्चों ! मैं अपने रूमाल के चारों कोनों में से एक कोना कैंची से काट दूँ तो रूमाल में कितने कोने शेष रहेंगे ?
3. धूप में एक धोती को सूखने में एक घंटा लगता है, तो दस धोती सूखने में कितना समय लगेगा ?
4. एक दरजी एक दिन में एक सूट सिल देता है, तो दस दरजी दस दिन में कितने सूट सीएँगे ?
5. राम, हरी तथा पवन के पिताओ की उम्र क्रमश: सड़सठ, अड़सठ और उनसठ वर्ष है। बताओ, तीनों लड़कों में से किस लड़के के पिता की उम्र सबसे अधिक है ?
6. पन्नालाल ने अपने लड़के की शादी में 100 लोगों को दावत पर निमंत्रित किया। यदि एक व्यक्ति खाने में आधा घंटा लेता है, तो सब लोगों को भोजन करने में कितना समय लगेगा ?
7. एक लकड़ी के 10 मीटर लंबे लट्ठे से एक-एक मीटर के बोटे काटे गए, यदि एक बोटा काटने में मुझे एक घंटा लगता है, तो 10 बोटे काटने में कितना समय लगेगा ?
8. एक बंदर 10 मीटर लंबी चिकनी छत पर चढ़ता है। वह दो मीटर की छलाँग लगाने के बाद एक मीटर नीचे खिसक जाता है। तो बताओ, वह कितनी छलाँगों में छत के शिखर पर होगा ?
9. 100 आदमी एक पंक्ति में दावत खाने बैठते हैं। मुझे सूचना मिली है कि रमेश के पिताजी पंक्ति के बीचों-बीच बैठे हैं। बताओ, क्या यह सूचना सही है ?
10. मुझे एक आँख से 1 किलोमीटर तक दिखाई देता है, दोनों आँखों से देखने पर कितने किलोमीटर स्पष्ट दिखाई देगा ?
11. हमारे पास एक गिलास है, जिसमें आधा लीटर दूध आता है। बताओ, 100 लीटर दूध पीने के लिए कितने गिलासों की आवश्यकता होगी ?
12. एक घंटी की आवाज वहाँ बैठे 5 लोगों को सुनाई देती है, दो तीन घंटियों की आवाज कितने लोगों को सुनाई देगी ?
13. जहर की एक गोली भोजन के साथ खाकर एक कुत्ता मर गया, तो बताओ, ऐसी दस गोलियाँ भोजन के साथ खाकर कितने कुत्ते मर जाएँगे ?
14. लाल रंग के लेंस लगे चश्मे से देखने पर सफेद रंग की चादर लाल दिखाई देती है, पीले रंग के लेंस लगे चश्मे से पीली और नीले रंग के लेंस लगे चश्मे से नीली। तो बताओ, रंगहीन लेंस लगे चश्मे से देखने पर यह चादर किस रंग की दिखाई देगी ?
15. बच्चो, एक नाव अपनी क्षमता के अनुसार पूरी लदी है। उसमें पाँच बैल बैठे हैं। वे पाँच-पाँच किलोग्राम गोबर नाव में कर देते हैं। बताओ, नाव पानी पर तैरती रहेगी या डूब जाएगी ?
16. एक टापू के 100 आदमी दूसरे टापू पर दावत खाने नाव द्वारा गए। नाव में इतनी क्षमता नहीं थी कि वह 100 से अधिक आदमी ले जा सके। सौ से अधिक आदमी ले जाने पर वह नाव पानी में डूब जाती। अत: मल्लाह ने 100 आदमियों के अलावा किसी को नाव में नहीं बिठाया। वे नाव पर अपने को सवार न किए जाने के लिए नाविक को कोसने लगे। नाव पानी में आगे बढ़ी जा रही थी। कुछ समय बाद नाव टापू पर पहुँच गई। लोगों ने भरपेट भोजन किया। एक-एक आदमी एक किलोग्राम भोजन खा गया, दावत खाकर वे सभी वापस आने के लिए नाव पर सवार हो गए, तो नाव पानी में डूब गई। ऐसा क्यों हुआ ? जब सौ आदमी सुरक्षित पहुँच गए तब सुरक्षित वापस क्यों नहीं लौट पाए ? कहीं लोगों की बद-दुआएँ तो नहीं लग गईं ?
17. कोचीन बंदरगाह से एक जहाज टोकियों के लिए चला। इसमें 1000 आदमी तथा 500 टन खाद्य सामग्री लदी थी। जहाज का मार्ग एक माह का था। जहाज की क्षमता के अनुसार और अधिक सामान इस पर नहीं लादा जा सकता था। जहाज पर लदी खाद्य सामग्री का उपयोग करते हुए जहाज सिंगापुर पहुँचा। यहाँ से 60 किलोग्राम भार वाले चार और व्यक्ति जबरदस्ती जहाज पर सवार हो गए। बताओ, जहाज सिंगापुर से चलकर टोकियो सुरक्षित पहुँच जाएगा या मार्ग में डूब जाएगा ?
18. दुर्गा मन्दिर में 50 दीपक जल रहे हैं। एक दीपक एक घंटे तक जलता है, तो पचास दीपक कितनी देर तक जलेंगे ?
19. बच्चो ! एक दौड़ में रमेश तीसरे नंबर पर चल रहा है। यदि वह दूसरे नंबर वाले से आगे हो जाता है तो उसका कौन सा नंबर हो जाएगा ?
20. बच्चो ! महेश के एक आँख है, परन्तु ललित के दो। दोनों एक-दूसरे के आमने सामने बैठे हैं। ललित को एक आँख दिखाई देती है और महेश को दो। बताओ किसको अधिक दिखाई देता है ?